उत्तराखंड कौथिग: ‘चक्रव्यूह’ नाटक में अभिमन्यु के शौर्य ने नम की आंखें, लोकगायक किशन महिपाल व हेमा ने बांधा समां

देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में अखिल गढ़वाल सभा के तत्वावधान में आयोजित ‘उत्तराखंड कौथिग’ के दौरान महाभारत के ऐतिहासिक प्रसंग पर आधारित नाटक ‘चक्रव्यूह’ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। डॉ. डी.आर. पुरोहित और डॉ. सुशील पुरोहित के निर्देशन में कलाकारों ने अभिमन्यु के अदम्य साहस और शौर्य गाथा को ऐसा जीवंत किया कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। वहीं, शाम के सत्र में आयोजित रंगारंग लोकगीत संध्या में प्रसिद्ध लोकगायकों की प्रस्तुतियों ने पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। सोमवार को रेंजर्स ग्राउंड में सुबह के सत्र में जैसे ही चक्रव्यूह नाटक में कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, प्रभावशाली संवादों व मंचीय अभिव्यक्ति के माध्यम से अभिमन्यु के शौर्य, साहस, संघर्ष और अदम्य जिजीविषा को जीवंत कर दिया। इस दौरान प्रस्तुति का मुख्य आकर्षण ने युद्ध की विभीषिका, मानवीय संवेदनाओं और जीवन के शाश्वत मूल्यों को बेहद गहराई से रेखांकित किया।
नाटक में महाभारत के इस जीवंत प्रसंग ने दर्शकों की आंखें नम कर दी एवं अभिमन्यु के अदम्य साहस को प्रणाम करने पर विवश कर दिया। शाम के सत्र में रंगारंग लोकगीत संध्या का भव्य उद्घाटन ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी और एसआरएचयू के अध्यक्ष डा. विजय धस्माना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि गढ़वाल सभा की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने व उसके संरक्षण का एक अद्भुत एवं सराहनीय प्रयास कर रही है।
एसआरएचयू के अध्यक्ष डा. विजय धस्माना ने कहा कि सभा ने कौथिग के माध्यम से न सिर्फ राज्य की नई पीढ़ी को एक बेहतरीन मंच प्रदान किया है, बल्कि विलुप्त हो रही लोककला को भी एक नई संजीवनी दी है। इस दौरान सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना एवं महासचिव गजेंद्र भंडारी ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। लोकगायक किशन महिपाल ने अपना नया हिट गीत जिया कोरी कोरी खांदो व फ्यूनलड़िया त्वे देखि की आन्दो यू मन मा गाकर उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गायिका हेमा करासी नेगी ने शुरुआत आन्छरी जागर से की और फिर अपना बेहद प्रसिद्ध गीत ‘गिर गेंदुआ सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
लोकगायक दर्शन फर्स्वाण ने पारंपरिक गीत हे नंदा है गौरा गाकर की और साथ में झावरी बाजलि प्रस्तुत कर पूरे माहौल को पूरी तरह आनंदमय बना दिया। दीपा नगरकोटी ने भगवती देवभूमि मा वास व सटके लीगो दिल साथिया गाकर श्रोताओं से खूब वाहवाही लूटी। जौनसारी गायक नरेश बादशाह ने मुख्य लगी तेरी लगन हो देवा महासू महाराज व मेरी शिल्पा गाकर युवाओं एवं बुजुर्गों को नाचने के लिए विवश कर दिया।
दर्शन फर्स्वाण ने झावरी बाजलि, रंगीली भाना व हिट म्यारा पहाड़ की शानदार प्रस्तुति देकर पंडाल में ऊर्जा का एक अलग ही संचार कर दिया। कौथिग का संचालन प्रवक्ता अजय जोशी ने किया। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना, उपाध्यक्ष निर्मला बिष्ट, महासचिव गजेंद्र भंडारी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र असवाल, सहसचिव संतोष गैरोला, सांस्कृतिक सचिव उदय शंकर भट्ट सहित संस्कृति कर्मी, साहित्य प्रेमी आदि मौजूद रहे।
किशन महिपाल ने स्याली भमपाली, रानीखेत रामढोला व म्यार गांव मुनश्यारी प्रस्तुत किए, जिन्हें सुनकर पूरा पंडाल खुशी से नाच उठा। दीपा नगरकोटी ने नंदना हाथ कलम स्याही दवात व मोतिमा मदन सुनार गाया। हेमा करासी नेगी ने जाग नंदा, सोबनू व मेरी बामणी गाकर एक बार फिर से वाहवाही लूटी। इस दौरान गायक नरेश बादशाह ने दर्शनी तेरी नजरों मा व हसीनो केलिनो जैसे बेहतरीन गीतों से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।



