Blog
चायना लिपुलेख बॉर्डर- पहाड़ से मलबा आने से बंद था सड़क मार्ग, चार दिन बाद खुली

धारचूला। तवाघाट–लिपुलेख मार्ग चार दिन बाद सोमवार को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। 25 सितंबर को भारी भूस्खलन और पहाड़ दरकने के कारण सड़क पर मलबा आ गया था, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। मार्ग बंद रहने से उच्च हिमालयी क्षेत्र के ग्रामीणों, स्थानीय वाहन चालकों और आदि कैलाश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) और स्थानीय प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर रास्ता साफ किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि सड़क खोल दी गई है और जल्द ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू कर दी जाएगी। हालांकि, खराब मौसम में फिर से भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है।


