
हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नदियों के पारिस्थितिकीय संतुलन और प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रविवार को अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज (मछली के बच्चे) छोड़े और प्रदेशवासियों से नदियों की निर्मलता व जलीय जीवों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं।
गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के साथ इसमें रहने वाले जलीय जीवों का संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। नदियों में मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। धामी ने कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मछली संसाधनों को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी को मजबूती मिलेगी और मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की अन्य नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर ही सुरक्षित भविष्य तैयार किया जा सकता है।



