उत्तराखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: दिसंबर में खाते में आएगी ‘बैणी-भुली’ योजना की पहली किस्त, सीएम धामी का ऐलान

गोपेश्वर। प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘बैणी-भुली योजना’ की पहली किस्त दिसंबर महीने में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए कहा कि प्रोत्साहन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस अवसर पर सीएम ने जनपद के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। चमोली की गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने चिपको आंदोलन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका के साधन बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।



