उत्तराखंड

एशिया में पहली बार दर्ज हुआ एफ्रोकैमिला वंश, सिमली के डॉ. प्रदीप चंद्र सती ने की खोज

देहरादून। उत्तराखंड के पश्चिमी हिमालय की जैव विविधता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। सिमली गांव निवासी वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप चंद्र सती ने मक्खियों की एक नई प्रजाति की खोज कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके शोध में पहली बार एशिया में एफ्रोकैमिला वंश की उपस्थिति दर्ज की गई है।

वैज्ञानिकों ने नई प्रजाति को एफ्रोकैमिला सिंघी नाम दिया है। इस खोज से न केवल पश्चिमी हिमालय की कीट जैव विविधता के बारे में नई जानकारी सामने आई है, बल्कि इस वंश के भौगोलिक वितरण का विस्तार भी एशिया तक दर्ज हुआ है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप सती और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेन्द्र सिंह फर्त्याल के संयुक्त शोध को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ओरियंटल इंसेक्ट में दो नवंबर को ऑनलाइन प्रकाशित किया गया है। इस पत्रिका का प्रकाशन अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन समूह टेलर एंड फ्रांसिस करता है। सिमली जैसे छोटे पर्वतीय गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक शोध में पहचान बनाने वाले डॉ. प्रदीप चन्द्र सती की उपलब्धि से नारायणबगड़ और पूरे चमोली जिले में खुशी है।

यह शोध इलाहाबाद विश्वविद्यालय और गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीच वैज्ञानिक सहयोग का भी उदाहरण है। साथ ही यह उपलब्धि बताती है कि उत्तराखंड के जंगलों में जैव विविधता के ऐसे कई रहस्य छिपे हैं, जिनकी खोज अभी बाकी है।

  • चोपता के जंगल बने आशियाना: शोधकर्ताओं ने उत्तराखंड के चोपता क्षेत्र के जंगलों से एकत्रित किए गए नमूनों का विस्तृत अध्ययन किया। इनके आकारिकी विश्लेषण के आधार पर नई प्रजाति की पहचान की गई। इस खोज का विशेष महत्व इसलिए है, क्योंकि इससे पहले एफ्रोकैमिला वंश का एशिया में कोई वैज्ञानिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। शोधकर्ताओं ने इस वंश की विभिन्न प्रजातियों की पहचान को आसान और सटीक बनाने के लिए संशोधित पहचान कुंजी भी तैयार की है। इससे भविष्य में इस समूह की प्रजातियों के अध्ययन में वैज्ञानिकों को मदद मिलेगी। इस शोध के मैदानी कार्य में डॉ. प्रदीप चंद्र सती के भाई भुवन सती ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। पश्चिमी हिमालय के दुर्गम और वन क्षेत्रों में नमूनों की खोज और संग्रह के दौरान उन्होंने शोधकर्ताओं का साथ दिया। स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी और मैदानी सहयोग से शोध कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिली।
  • हिमालय की जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण: वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी हिमालय की पारिस्थितिकी में कीटों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस क्षेत्र में अनेक सूक्ष्म कीट प्रजातियां ऐसी हैं, जिनका अभी तक वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण नहीं हो पाया है। नई प्रजातियों की पहचान से हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र, प्रजातियों के भौगोलिक विस्तार और जैव विविधता संरक्षण को समझने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button