पतंजलि में 52वां अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन संपन्न: 1800 प्रतिभागी शामिल, 24 विद्वान सम्मानित

हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय 52वां अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें 26 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 1800 विद्वानों, संतों और शोधार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन में सनातन संस्कृति, संस्कृत भाषा, योग, आयुर्वेद और प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने पर मंथन हुआ। इस दौरान 24 विद्वानों को सम्मानित किया गया और 35 पुस्तकों का विमोचन हुआ।
समारोह में स्वामी रामदेव को विद्याधिपति प्रशस्ति-पत्र, आचार्य बालकृष्ण को महामहोपाध्याय, साध्वी डॉ. देवप्रिया को महाआचार्या तथा डॉ. शिवानी वी. को व्याकरण पण्डिता सम्मान प्रदान किया गया। प्रो. अरुण रंजन मिश्रा सम्मेलन के नए अध्यक्ष मनोनीत किए गए। स्वामी रामदेव ने विक्रम संवत अपनाने तथा वर्ण व्यवस्था को गुण-कर्म के आधार पर समझने पर बल दिया। आचार्य बालकृष्ण ने सनातन शास्त्र शुद्धि समिति के गठन को बड़ी उपलब्धि बताया। सम्मेलन में 5 नए शोध विषय-वर्ग जोड़े गए तथा 92 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए।



