वन्यजीव सप्ताह 2026: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गूंजा सह-अस्तित्व का संदेश, बच्चों ने हाथियों को खिलाए फल और सब्जियां

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में आयोजित ‘वन्यप्राणी सप्ताह-2026’ के तहत जन-जागरूकता और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए कई रंगारंग व ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आमडण्डा में स्कूली बच्चों के प्रकृति भ्रमण व पक्षी अवलोकन से शुरू हुए इस आयोजन में हाथियों को फल खिलाकर इंसानों और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व का अनूठा संदेश दिया गया।
रामनगर से लेकर सुंदरखाल तक आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता, टाइगर सेल भ्रमण और कठपुतली शो के जरिए स्थानीय ग्रामीणों और बच्चों को पर्यावरण व बाघ संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आमडण्डा में स्कूली बच्चों के साथ पक्षी अवलोकन और प्रकृति भ्रमण से हुई। इसके बाद आयोजित हाथी दिवस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हाथियों को फल और सब्जियां खिलाईं। कालागढ़ हाथी कैंप में वन विभाग के स्टाफ, प्रशिक्षुओं और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से हाथियों को कद्दू, केले और रोटियां खिलाकर इंसानों और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व का अनूठा संदेश दिया।
वहीं, रामनगर वन विश्राम गृह में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जबकि टाइगर सेल में शैक्षिक भ्रमण के दौरान वन आरक्षी श्रीमती प्रेमा तिवारी ने बच्चों को बाघ संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। शाम के समय सुंदरखाल क्षेत्र में कठपुतली कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इन आयोजनों से बच्चों और स्थानीय समुदाय में वन्यजीवों के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी बिन्दर पाल, वन क्षेत्राधिकारी नवीन चन्द्र पाण्डे, ललित मोहन जोशी, प्रमोद चन्द्र त्रिपाठी, ललित मोहन समेत कई अधिकारी, वन स्टाफ और नेचुरलिस्ट इमरान खान, संजय छिम्वाल व रमेश सुयाल उपस्थित रहे।

