Blog

सड़कों की बदहाली और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर उक्रांद का हल्ला बोल

देहरादून। प्रदेश व दून की बदहाल सड़क मार्गों, निर्माण कार्यों में लेटलतीफी व ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा के खिलाफ उक्रांद के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जोरदार हुंकार भरते हुए रैली निकालकर लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज आवास कूच कर अधूरे कार्यों को पूर्ण करने मांग उठाई।
रविवार को उक्रांद कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए और वहां पर उग्र नारेबाजी कर लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज के सरकारी आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। पुलिस व उक्रांद कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक व तीखी झड़प के बाद सभी वहीं पर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज किया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए।
इस दौरान उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अभी भी कई ऐसे गांव हैं जहां सड़क नहीं पहुंची है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने टूटी-फूटी व गड्ढों में तब्दील हो चुकी दून सहित प्रदेश भर की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्य शुरू नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
दल के संरक्षक और पूर्व विधायक काशी सिंह एरी ने कहा कि राज्य बनने के छब्बीस वर्षों बाद भी सड़कों की यह बदहाल स्थिति सरकारों के उदासीन रवैये को दर्शाती है।
उन्होंने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की जोरदार मांग उठाई। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि दूरदराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए युद्धस्तर पर कार्य होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पहाड़ी क्षेत्रों से लगातार पलायन हो रहा है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से लोनिवि मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
इस अवसर पर मंत्री आवास कूच करने व विरोध प्रदर्शन में संरक्षक पूरण सिंह कठैत, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, जयप्रकाश उपाध्याय, महामंत्री गणेश काला, राजेंद्र बिष्ट, आशीष नेगी, लूशुन टोडरिया, प्रवीण रमोला, मीनाक्षी घिल्डियाल, संगीता सकलानी बहुगुणा, प्रकाश भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button